संवाददाता@विशाल टंडन……

नगर पालिका परिषद सोनभद्र कलेक्ट्रेट गेट के पास स्थित सेल्फी प्वाइंट को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सेल्फी प्वाइंट के दोनों ओर चाहरदीवारी का निर्माण, आसपास बागवानी, फर्श पर चेकर्ड टाइल्स बिछाने तथा आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।

वर्तमान में लगे “Sonebhadra” इलेक्ट्रिक बोर्ड के स्थान पर उसकी ऊंचाई बढ़ाकर आकर्षक “I Love Sonebhadra” बोर्ड स्थापित किया जाएगा। साथ ही सड़क की ओर स्टील रेलिंग लगाकर पूरे स्थल को अधिक सुरक्षित एवं सुंदर बनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अवर अभियंता राजकुमार राज भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा, ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए भी प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक पहचान देना है।






