@जे0 के0…….

Sonbhadra । जनपद पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (DEF) बनाने और बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली DEF, होलोग्राम, स्टिकर, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण उपकरण बरामद किए गए। मामले में दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिलने पर 30 जून को टाटा मोटर्स परिसर स्थित एक प्लांट में तकनीकी विशेषज्ञों के साथ संयुक्त जांच की गई।
जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग कर नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (DEF) का निर्माण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग की जा रही थी। मौके से 11 आईबीसी कंटेनरों में भरा नकली DEF, 629 नकली TATA Genuine Parts होलोग्राम, 33 नकली BIS स्टिकर, 50 “Original” अंकित नकली स्टिकर, बड़ी संख्या में खाली बाल्टियां, ढक्कन, डिस्पेंसर मशीन, टेस्ट किट, नोजल, पाइप, मापक पात्र सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।

इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मुकदमा संख्या 543/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद सामग्री को सील कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने ग्राम बट्ट निवासी विशाल मौर्य और पिंटू मौर्य को नामजद किया है, जबकि अन्य अज्ञात सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस अब नकली उत्पादों के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।





