@जे0 के0…..
— 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान, आधुनिक तकनीक से होगी खेतों, चकमार्गों और राजस्व अभिलेखों की सटीक पैमाइश

Sonbhadra । मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बभनौली कला गांव में किया। जिलाधिकारी स्वयं पगडंडियों के सहारे पैदल चलकर किसान के खेत तक पहुंचे और अपनी मौजूदगी में आधुनिक रोवर तकनीक से पैमाइश कार्य की शुरुआत कराई।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य खेतों, चकमार्गों तथा राजस्व अभिलेखों की सटीक, पारदर्शी और विवादरहित पैमाइश सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक तहसील में गठित रोवर टीम प्रतिदिन पांच गांवों में अभियान चलाकर समयबद्ध तरीके से पैमाइश कार्य पूरा करे।
साथ ही फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और दैनिक प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीएनएसएस रोवर तकनीक से पैमाइश की प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी होगी, जिससे राजस्व संबंधी विवादों के निस्तारण में भी तेजी आएगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी के खेत तक पगडंडी के रास्ते पैदल पहुंचकर अभियान का शुभारंभ करने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने उनकी सादगी, जमीनी कार्यशैली और किसानों के बीच पहुंचकर कार्य कराने की पहल की सराहना करते हुए इसे प्रशासन की जनहितैषी और भरोसा बढ़ाने वाली पहल बताया।





