संवाददाता@विशाल टंडन…..

रॉबर्ट्सगंज नगर के कचहरी के पास स्थित वीरांगना विद्या मंदिर में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय में विधि-विधान से माँ सरस्वती का पूजन कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं ज्ञान-वृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद ग्रीष्मावकाश के पश्चात विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशित एवं अन्य विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा और मिष्ठान वितरण के साथ पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पीले वस्त्र धारण कर माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित किए और नए सत्र की मंगलकामना की।

विद्यालय के प्रबंधक ने कहा कि ग्रीष्म अवकाश के बाद बच्चों की ऊर्जा और उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि शिक्षा का शुभारंभ माँ सरस्वती के आशीर्वाद से करना भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपरा है। तिलक लगाकर स्वागत करने की परंपरा बच्चों में संस्कार, आत्मीयता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती है।
कार्यक्रम में शिक्षक श्रवण दुबे, शिव कुमार, मेनिका, राजिया, पूजा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।





