संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित हिंडाल्को पेट्रोल पंप के समीप रविवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में संजय कुमार के साथ एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका इलाज जारी है। दोनों युवक स्थानीय क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं संजय कुमार की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

रविवार को हुई इस दुर्घटना का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ जिसमें कार में लगे कैमरे में दिख रहा है कि कार चालक आराम से इंडिकेटर देकर दूसरे लेन में मुड़ रहा था इस दौरान बाइक सवार दोनों युवक तेज गति में आकर कार में लड़ गए और दूर गिर गए जिससे उन्हें गंभीर चोट आईl





