संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

नगर में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। करीब दो बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और तेज गरज के साथ लगभग ढाई बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह से तेज धूप निकलने के कारण वातावरण में काफी उमस थी, जिससे लोग बेहाल थे।
बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले रविवार की आधी रात को भी तेज बारिश के साथ आंधी आई थी। तेज हवा के कारण नगर के कई स्थानों पर बिजली के तार टूट गए, जिससे पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात बिजली गुल रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे विद्युत विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य पूरा कर आपूर्ति बहाल की। लगभग 10 घंटे तक बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और अन्य दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।
दोपहर में हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।





