संवाददाता@आनंद गुप्ता…..

विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम केवाल में सोमवार को खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम केवाल निवासी 35 वर्षीय अजमेरुद्दीन पुत्र मुस्तफा अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक वह ट्रैक्टर के नीचे फंसे रहे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल आलम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां डॉ. मनोहर कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र अहमद रजा (8 वर्ष), तुफैल आलम (7 वर्ष) तथा पांच वर्षीय पुत्री तमन्ना को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है, जिससे गांव में भी गम का माहौल है।
सूचना पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।





