Last Updated:
भारत को उसकी नई लांग जंप क्वीन मिल गई है. एंसी सोजन ने भुवनेश्वर में 6.88 मीटर की छलांग लगाकर अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना राष्ट्रीय लॉन्ग जंप रिकॉर्ड तोड़ दिया है.आने वाले दिनों में एंसी सोजन देश के लिए पदक लाने की बड़ी उम्मीद बनकर उभर सकती हैं. आइए जानते हैं कौन हैं एंसी सोजन..
भारत को उसकी नई लांग जंपर एंसी सोजन मिल गई है. एंसी ने हाल ही में अंजू बॉबी जॉर्ज का रिकॉर्ड तोड़ा है.
भारत को नई लॉन्ग जंप क्वीन मिल गई है. अब वह दिन दूर नहीं जब ओलंपिक खेलों में भारत एथलेटिक्स में इतिहास रचेगा. भारत की एंसी सोजन वही उम्मीद हैं, जिन्होंने शनिवार को इतिहास रच दिया है. भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में एंसी ने 6.88 मीटर की शानदार छलांग लगाई है और महिलाओं की लॉन्ग जंप का 22 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
एंसी ने सिर्फ लंबी कूद ही नहीं लगाई बल्कि उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज का 6.83 मीटर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. अंजू ने 2004 के एथेंस ओलंपिक्स में यह रिकॉर्ड बनाया था.
बता दें कि एंसी सोजन अब भारत की नई उम्मीद बन गई हैं, हालांकि उनकी यह सफलता सिर्फ उनका व्यक्तिगत मुकाम नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी से जुड़े दो ऑटो ड्राइवरों के अधूरे सपनों की जीत भी है.
इन ऑटो ड्राइवरों में पहला नाम उनके पिता सोजन ईटी का है और दूसरा उनके बचपन के कोच सनोज वीवी का है. जिन्हें उनके गांव में “कन्नन मास्टर” के नाम से जाना जाता है. दोनों कभी खिलाड़ी बनना चाहते थे, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण जिला स्तर से आगे नहीं बढ़ सके.
नट्टिका के एक साधारण परिवार से आने वाली एंसी ने आर्थिक संघर्षों के बीच अपना सफर तय किया. परिवार की आय सीमित थी और कोच सनोज को घर चलाने के लिए ऑटो चलाना पड़ता था. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने एंसी की प्रतिभा पर भरोसा नहीं छोड़ा.
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक एंसी ने अपनी जीत अपने पिता को समर्पित करते हुए कहा, “यह रिकॉर्ड मेरे पिता के लिए है. उन्होंने मुझ पर हमेशा भरोसा किया और हर मुश्किल में मेरा साथ दिया.”
एंसी के पिता का मानना है कि उनकी बेटी अभी अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंची है. उनका कहना है कि एंसी जल्द ही 7 मीटर का आंकड़ा भी पार कर सकती हैं. अब पूरा देश उम्मीद कर रहा है कि भारत की यह नई लॉन्ग जंप क्वीन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी नया इतिहास रचेगी.
About the Author

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें






