संवाददाता@विजय अग्रहरी…….

जुगैल वन क्षेत्र के सेमिया गांव के छितीरपुरवा टोला में स्थित चेक डैम में रविवार को करीब करीब 35 की संख्या में मगरमच्छ के छोटे-छोटे बच्चे पाए गए। वहां मगरमच्छ के पांच अंडे भी मिले। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों और पीआरबी पुलिस ने स्थानीय मल्लाहों के सहयोग से मगरमच्छ के बच्चों को सोन नदी में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जुगैल वन रेंज के सेमिया गांव के छितीरपुरवा में एक चेक डैम रविवार सुबह ग्रामीणों ने पानी में मगरमच्छ के दो छोटे-छोटे बच्चे देखें ग्रामीण जब पानी पास गए तो और भी मगरमच्छ के बच्चे दिखाई दिए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस और जुगैल वन रेंज को दी।

घटना की सूचना पर मौके पर वन दारोगा अविनाश सिंह, वन्य जीव रक्षक सौरभ उपाध्याय और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय मल्लाहों वीरेंद्र साहनी, टिम्मल इत्यादि के सहयोग से वन कर्मियों ने सभी मगरमच्छों के बच्चों को बोरियों में भर कर पास के सोन नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।

इस संबंध में जुगैल वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब 35 मगरमच्छ के छोटे बच्चे सेमिया गांव के छितीरपुरवा में चेक डैम में पाए गए। अनुमान है कि चेक डैम में कुछ नर और मादा मगरमच्छ प्रजनन के दौरान आए होंगे। ये बच्चे उन्हीं मगरमच्छ के होंगे। सभी को सुरक्षित सोन नदी में छोड़ दिया गया है।





