संवाददाता@ख्वाजा खान…..
— एक वर्ष बाद भी नहीं हुआ निर्माण, 300 की आबादी का आवागमन प्रभावित

विकासखंड बभनी की ग्राम पंचायत घघरी के सहगोड़ा (जोगी टोला) में एक वर्ष पूर्व भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पुलिया का अब तक निर्माण न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण टूटी पुलिया स्थल पर एकत्र हुए और प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से तत्काल पुलिया निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया के दूसरी ओर लगभग 300 की आबादी निवास करती है। पुलिया टूटने के बाद से आवागमन पूरी तरह बाधित है। आगामी बरसात को देखते हुए लोगों में चिंता बढ़ गई है कि गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा। इससे लगभग 30 स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। वहीं किसी भी आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। बरसात के दिनों में ग्रामीणों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है तथा टूटी पुलिया के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिया निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर शीघ्र शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन में कुंवर सिंह, रामदेव, उमंग गुप्ता, रामलाल, रामसिंह, विनय गुप्ता, कमला, सुशीला देवी, रमपतिया, विनोद कुमार, सोनमती, लालमणि, मीना, रूबी, लीलावती, रमाशंकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





