संवाददाता@विजय अग्रहरी…….

घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पेढ़ गांव में हरैया पहाड़ी पर शनिवार शाम सड़क दुर्घटना में बाईक चला रही महिला की मौत हो गई, वहीं बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने हेतु पुलिस कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी नीलम 22 वर्ष पत्नी अशोक और उसके रिश्तेदार मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना क्षेत्र के खुटारी गांव निवासी आशीष कुमार 20 वर्ष पुत्र रामनरेश बाइक से किसी काम से घोरावल आए थे। शाम करीब 5:00 दोनों बाइक से कलवारी की तरफ जा रहे थे।

हरैया पहाड़ी के पहले बाईक को नीलम चलाने लगी और आशीष बाइक के पीछे बैठ गया। आशीष ने बताया कि थोड़ी दूर आगे जाने पर ही एक चार पहिया वाहन से पास लेने के चक्कर में वे अनियंत्रित होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को निजी साधन से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने नीलम को देखते ही मृत घोषित कर दिया और आशीष का उपचार किया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। बताया गया कि घोरावल कोतवाली क्षेत्र के जुड़िया गांव में नीलम का मायका है और वह एक महीने से मायके में थी।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने की कार्यवाही की जा रही है।






