संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…

पिपरी थाना क्षेत्र के हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग के पास बीती रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे और चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र पासवान (25) पुत्र लक्ष्मण पासवान, निवासी हाईटेक जेपी कॉलोनी, वार्ड नंबर 11, रेणुकूट के रूप में हुई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि जितेंद्र पासवान बस चलाने का काम करता था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह अविवाहित था।

परिजनों के अनुसार रविवार को ही जितेंद्र ने नई बाइक खरीदी थी। नई बाइक खरीदने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।