संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

अचलेश्वर महादेव मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पुजारी पं. ओम प्रकाश तिवारी के 58 वर्ष की उम्र में निधन के बाद सोमवार को उनकी स्मृति में 58 छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आम, आंवला, अमरूद, पीपल, कदम, बादाम और कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबरा एसडीएम रवि कुमार पासवान रहे, जबकि अध्यक्षता मंदिर के महंत पं. मुरली तिवारी ने की। पौधरोपण के दौरान एसडीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा ‘पेड़ है तो प्राण है’ के उद्देश्य से किया गया पौधरोपण सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है।

मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि प्रकृति के पुनर्जागरण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संगठन कई वर्षों से ‘पेड़ है तो प्राण है’ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में ओम प्रकाश तिवारी ‘ओमू भैया’ की स्मृति में 58 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि पेड़ों से ही धरती पर जीवन संचालित है और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
इस दौरान तहसीलदार ओबरा नरेंद्र राम, डाला व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन, आचार्य राजेश मिश्रा, बृजेश तिवारी ‘जूली’, सुधीर पाठक, सजावल पाठक, ऋषि उपाध्याय, विजय चौहान, आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, संजय बियार, परवेज आलम, संतोष तिवारी, अभिषेक चंद्रवंशी, अनिकेत श्रीवास्तव, वैभव पाठक, शमशेर, संजय सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।