मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

नगीना लोकसभा सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के साथ 13 सितंबर को गोंडा जाते समय हुई कथित घटना के विरोध में रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर एकत्रित कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल तथा राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम का नेतृत्व भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संदीप बौद्ध एवं आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने किया। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने कहा की कि चंद्रशेखर आजाद मृतक विनोद कुमार साहनी व रमेश कोरी के परिजनों से मिलने गोंडा जा रहे थे। इस दौरान बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया।

ज्ञापन में पुलिस के कथित दुर्व्यवहार, तीखी बहस और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया गया। साथ ही कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा काफिले पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई। वही भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संदीप बौद्ध ने घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई, पुलिस की भूमिका की जांच, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा पीड़ित कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज कराने की मांग की गई। इसके अलावा चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की गई।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दोनों संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

