संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा के आगे जंगल में बीते 29 मई को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
चोपन थाना क्षेत्र के नौटोलिया निवासी रामभरत साहनी (उम्र करीब 28 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश 29 मई 2026 को ट्रक लेकर विंध्यनगर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। बताया गया कि मुर्धवा से आगे जंगल के पास पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य ट्रक से उनके ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रामभरत साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। परिजन लगातार उनका इलाज करा रहे थे और उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन रविवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रामभरत की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है l