संवाददाता@बद्री प्रसाद…..
__महिलाओं के साथ नहाने गए थे दोनों बच्चे, सूचना पर पुलिस और गोताखोर जुटे
__नाव से नदी पार करने के दौरान पुलिस को देखकर भागने के वक्त एक अन्य युवक भी नदी में डूबा

चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर ग्राम पंचायत में सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परिवार की महिलाओं के साथ नदी में नहाने गए दो बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। डूबने वालों में 16 वर्षीय बोल बम केवट पुत्र लोधी केवट तथा 10 वर्षीय दीपक केवट पुत्र भगवान दास केवट शामिल हैं।
आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धारा में बह गए। साथ मौजूद महिलाओं ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी।

ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की लगातार तलाश की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और गम का माहौल है, जबकि परिजन बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।






