@जे0 के0….
— राजस्व एवं पुलिस से जुड़े प्रकरणों में संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच एवं समाधान के निर्देश

Sonbhadra। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा आज थाना करमा में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया।

इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। भूमि एवं राजस्व से संबंधित ऐसे प्रकरण, जिनमें मौके पर जांच आवश्यक हो, उनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुने तथा अभिलेखों एवं वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को न्यायसंगत एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। संबंधित अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें।
