मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..
— स्वस्थ युवा ही है भारत की असली पहचान : 15 सितंबर को होगा आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जनकल्याण सेवा समिति रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र की ओर से 15 सितंबर को नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर पीडब्ल्यूडी डाक बंगला रॉबर्ट्सगंज में समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमो मैराथन आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मैराथन बालक और बालिका वर्ग में अलग-अलग स्थानों से शुरू होगी। बालक वर्ग की दौड़ होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचेगी। वहीं बालिका वर्ग की दौड़ चुर्क बाजार स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगी।

दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 21 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।

प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अनुभवी वॉलिंटियर, प्रशिक्षक तथा चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। प्रतियोगिता स्थल के साथ ही मार्ग में भी प्रतिभागियों के लिए एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था की जाएगी।

डॉ. तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 से 26 वर्ष आयु के युवा भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी का सोनभद्र का निवासी होना अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से नमो मैराथन में भाग लेकर प्रधानमंत्री के फिट इंडिया के उद्देश्य को आगे बढ़ाने की अपील की।

प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, संदीप सिंह, श्रीराम दरबार अखाड़ा के संरक्षक आनंद मिश्रा, श्याम द्विवेदी, पूर्व सभासद अरविंद पांडेय, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रहरि, नवीन त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, अंशु चौबे, पंकज ओझा, अखिलेश कश्यप, तन्मय त्रिपाठी, डब्लू शुक्ला, विनय भारती और सोनू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।