संवाददाता@आनंद गुप्ता……

स्थानीय खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबलों में बघाडू, रेणुकूट और जाबर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। देर रात तक चले मुकाबलों में बल्लेबाजों ने जमकर चौके-छक्के लगाए, जिससे मैदान पर मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।

दिन के पहले मुकाबले में बघाडू और आरसीबी बहरा के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बघाडू की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 155 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बंटी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की तूफानी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी बहरा की टीम बघाडू के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और आठ विकेट खोकर मात्र 95 रन ही बना पाई। इस तरह बघाडू ने 60 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बंटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में रेणुकूट का सामना झारखंड की बंका पतरिहा टीम से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेणुकूट ने आठ ओवरों में सात विकेट खोकर 78 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंका पतरिहा की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर केवल 60 रन ही बना सकी। रेणुकूट ने यह मुकाबला 18 रनों से अपने नाम किया। टीम की जीत में दीपक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए दो ओवर में मात्र छह रन देकर तीन विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

तीसरे मुकाबले में जाबर ने केजीएन दुद्धी को 47 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जाबर ने आठ ओवरों में चार विकेट पर 134 रन बनाए। जवाब में केजीएन दुद्धी की टीम चार विकेट पर 87 रन ही बना सकी।
मैचों में आकर्ष चौबे और गोलू ने अंपायरिंग, जसवंत कुमार ने स्कोरिंग तथा सूरज कुमार ने कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाई। टूर्नामेंट में लगातार उमड़ रही दर्शकों की भारी भीड़ आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शा रही है।





