@जे0 के0……

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही मिर्जापुर की एक छात्रा ने शाहगंज थाना क्षेत्र निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कथित प्रेमी, उसकी मां, भाई समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात शाहगंज थाना क्षेत्र के कुसरत गांव निवासी राज यादव से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसे विश्वास में लिया और रॉबर्ट्सगंज में किराए का कमरा लेकर करीब सात माह तक अपने साथ रखा। इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।

युवती के अनुसार जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया। आरोप है कि तीन जून को विवाद के दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद सात जून को आरोपी अपनी मां निशा, भाई विकास, रिश्तेदार अजीत तथा अन्य परिजनों के साथ कमरे पर पहुंचा और दोबारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखा है। आरोपी ने इंस्टाग्राम और एक्स पर चैट, वीडियो और अन्य सामग्री साझा करते हुए दावा किया है कि युवती ने ही पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया था तथा बाद में उससे रुपये की मांग की जाने लगी। आरोपी ने स्वयं को ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाया है।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि युवती द्वारा शादी का झांसा देकर साथ रखने और शोषण किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






