संवाददाता@संदीप अग्रहरी…

म्योरपुर थाना क्षेत्र के खैराही भैंसनाला पुल के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक चलती पिकअप में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में पिकअप पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, सतीश गुप्ता (41 वर्ष) पुत्र बचऊ गुप्ता, निवासी थाना अदलहाट जनपद मिर्जापुर, पिकअप लेकर बभनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खैराही भैंसनाला पुल के पास वाहन से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। पास में राहगीरों तथा ग्रामीणों ने चालक को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही चालक ने तत्काल पिकअप को सड़क किनारे रोक दिया और वाहन से बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग ने पूरी पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता, तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
घटना में चालक को किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं हुई। ग्रामीणों की सतर्कता और चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।





