Last Updated:
भारी बवाल के बीच एशियन गेम्स के लिए ट्रायल्स के पहले राउंड में विनेश फोगाट ने जीत से शुरुआत की है. विनेश ने अपने पहले मैच में ज्योति को 7-1 से हराया. विनेश 53 किलोग्राम भारवर्ग में ट्रायल्स दे रही हैं. इसी श्रेणी में अंतिम पंघाल ने भी बेहतरीन खेल दिखाया. अंतिम पंघार ने सिर्फ 34 सेकंड में अपने मैच को जीत हासिल की.
ट्रायल के पहले राउंड में विनेश और अंतिम पंघाल की जीत
नई दिल्ली: भारत की चैंपियन महिला रेसलर विनेश फोगाट ने एशियन गेम्स के लिए ट्रायल्स के पहले राउंड में जीत से शुरुआत की है. विनेश की पहले राउंड में ज्योति से भिड़ंत हुई थी, जिसमें उन्होंने 7-1 से जीत हासिल की. मुकाबले की शुरूआत में एहतियात बरत रही विनेश ने ज्यादातर खड़े होकर ही मुकाबला किया लेकिन धीरे धीरे अपने दाव चले. विनेश ने जवाबी हमले में ‘पुश प्वाइंट’ से शुरुआत की और जल्द ही दोनों टांगों पर हमला किया जिससे कोई अंक नहीं मिला. दूसरे पीरियड की शुरुआत में उन्हें क्लॉक पर रखा गया और वहीं से उन्होंने हावी होना शुरू कर दिया.
दाहिने पैर पर हमला करके उन्होंने ज्योति को नीचे गिराकर 3-0 से बढत बना ली. ज्योति ने भी उनकी टांग पर हमला किया लेकिन विनेश ने पूरी ताकत का इस्तेमाल करके उसे नाकाम कर दिया. जवाबी हमले में विनेश ने दो फुर्तीले मूव के साथ स्कोर 7-0 कर दिया जबकि ज्योति ने एक ‘पुशआउट’ अंक बनाया. अब विनेश का सामना निशु से होगा जिसने रिया को हराया.
अंतिम पंघाल ने 34 सेकंड में जीता मैच
53 किलोभार वर्ग में ही अंतिम पंघाल ने सिर्फ 34 सेकंड में तन्नु को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हरा दिया. फाइनल में अंतिम का सामना विनेश से हो सकता है. विनेश को सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से खेलना पड़ सकता है. इससे पहले शनिवार सुबह आधिकारिक वजन-माप के दौरान घटनाक्रम में नाटकीय मोड़ आया जब दो बार की विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश को सूचित किया गया कि उन्हें केवल 50 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी जाएगी, क्योंकि उन्होंने पेरिस ओलंपिक सहित अपनी पिछली चार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसी भार वर्ग में भाग लिया था.
विनेश ने इस निर्णय पर कड़ा विरोध जताया और आरोप लगाया कि उन्हें अपनी पसंद के भार वर्ग में उतरने से रोककर महासंघ उनके साथ भेदभाव कर रहा है. मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने हस्तक्षेप किया और विनेश को 53 किलोग्राम वर्ग के ट्रायल में भी भाग लेने की अनुमति देने का फैसला किया.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें







