संवाददाता@हनीफ खान…….
— उपभोक्ताओं को 18 घंटे के एवज मे मात्र 5_7 घंटे ही मिल रही बिजली

पसही विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई होने वाले विद्युत से केकराही और करमा फीडर पर मात्र 05 घंटे विद्युत सप्लाई की जा रही है। दर्जनों गांवों में अघोषित बिजली कटौती से इस भीषण गर्मी मे लोग विलविलाये हुए है। भीषण गर्मी के बीच सोमवार और मंगलवार को दिन और रात मे लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण न तो पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो रही है और न ही लो वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जा रहा है।उपभोक्ता अरविन्द,जीतेन्द्र मौर्य,जीतेन्द्र यादव,सत्यम,बृजेश पाण्डेय,सुधीर सिंह,चंद्रकांत मिश्र समेत तमाम लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से दिन रात मिलाकर मात्र 05 घंटे सप्लाई मिल रही है,इसका भी कोई निश्चित समय नही है।
इसके कारण पेयजल संकट गहराता जा रहा है और लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश दे रहे हैं,वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में मुश्किल से 03 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। वह भी बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या के साथ। रात और दिन में होने वाली अघोषित कटौती से लोगों की नींद हराम हो गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस बावत जेई और एस डी ओ से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो काल रिसीव नही हुआ।
