संवाददाता@विशाल टंडन…….
— बच्चों के बिजली के उपकरणों से दूर रखने की सलाह, उपकरणों को नमी से बचाएं

बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। जलभराव और नमी के कारण बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, खुले तारों के साथ ही घरों में लगे विद्युत उपकरणों से भी करंट लगने का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए विद्युत विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान लोगों को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और टूटे अथवा झूलते विद्युत तारों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। गीले हाथों से स्विच, प्लग अथवा किसी भी विद्युत उपकरण को न छुएं।

घर में पानी भरने की स्थिति में तत्काल मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद कर दें।उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान कूलर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, गीजर, पानी की मोटर और अन्य विद्युत उपकरणों को गीली जगह पर न रखें। उपकरणों को चलाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनके तार, प्लग और स्विच पूरी तरह सुरक्षित और सूखे हों। बिजली के उपकरणों में पानी चले जाने पर उन्हें स्वयं चालू करने का प्रयास न करें।

किसी योग्य तकनीशियन से जांच कराने के बाद ही उनका इस्तेमाल करें।उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान के दौरान विद्युत उपकरणों के प्लग निकाल देना बेहतर है। बच्चों को बिजली के उपकरणों और खुले सॉकेट से दूर रखें। घरों की वायरिंग, अर्थिंग और एमसीबी की समय-समय पर जांच कराना भी जरूरी है।

अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर बरसात के मौसम में होने वाली विद्युत दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से विद्युत सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की।






