संवाददाता@मोहम्मद इब्राहिम…..

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत बघाडू गांव के बोलताकरम टोला में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक 7 वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
परिजनों को बिना बताए नहाने गया था मासूम–
बताया जाता है कि बोलताकरम टोला निवासी रंकलाल का 7 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार रविवार को घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब पर गया था। बताया जा रहा है कि वह परिजनों को बिना बताए अकेले ही तालाब में नहाने उतर गया। नहाते-नहाते मासूम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। तालाब के आसपास किसी के न होने के कारण उसे समय रहते बचाया नहीं जा सका।

पानी में उतराता मिला शव–
काफी देर तक जब नितेश घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए जब परिजन तालाब के पास पहुंचे, तो पानी की सतह पर नितेश का शव उतराता देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा–
ग्रामीणों ने तत्काल इस घटना की सूचना अमवार पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जयशंकर राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।