संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

पिपरी थाना क्षेत्र के व्यस्त मुर्धवा मोड़ तिराहे पर मंगलवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार बलवंत पुत्र विजय सिंह, म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम वह किसी जरूरी काम से रेणुकूट की ओर आ रहा था। इसी दौरान मुर्धवा मोड़ तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए घायल युवक को उपचार के लिए हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया तथा उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दी।

चिकित्सालय में डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसका इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने पर रेणुकूट चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा हादसे में शामिल ट्रक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।