@जे0 के0……
— मृतकों के परिजनों को 24 घंटे में मिली 4-4 लाख की सहायता राशि

Sonbhadra। जनपद में बीते दिनों तेज आंधी एवं हल्की बारिश के दौरान हुई दुःखद घटनाओं में मृतकों के परिजनों को त्वरित राहत प्रदान करते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर पूर्ण कराई गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया था कि आंधी व बारिश से हुई जनहानि के मामलों में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज ने आंधी-बारिश की दुर्घटना में मृतक महेंद्र के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। वहीं, तहसील ओबरा क्षेत्र के ग्राम हर्रा निवासी मृतका कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो के मामले में उप जिलाधिकारी ओबरा ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूर्ण कराई। मृतका के पति का बैंक खाता पूर्व में न होने के कारण तत्काल बैंक खाता खुलवाकर सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

आंधी एवं बारिश से मृत व्यक्तियों में महेंद्र पुत्र कल्लू (33 वर्ष) निवासी ग्राम खडुई, परगना विजयगढ़, तहसील रॉबर्ट्सगंज, रामविलास पुत्र रामजनम (55 वर्ष) निवासी ग्राम डोमरिया, विजयगढ़ तथा कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो (40 वर्ष) निवासी ग्राम हर्रा, तहसील ओबरा शामिल हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा त्वरित गति से राहत सहायता उपलब्ध कराए जाने की आमजन सराहना कर रहे हैं। शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न कराई गई।