संवाददाता@विशाल टंडन……

सोनभद्र केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजानंद एवं महामंत्री अमित कुमार के नेतृत्व में बुधवार को 20 मई 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अपनी मांगों के समर्थन में हस्तक्षेप एवं अनुशंसा किए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट्स एवं वितरकों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन ने कहा कि लंबे समय से औषधि व्यापार एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इससे लाखों केमिस्ट्स एवं उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

संगठन ने बताया कि राष्ट्रीय संस्था एआईओसीडी द्वारा 20 मई 2026 को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। बंद की प्रमुख मांगों में अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर रोक, अधिसूचना GSR 817(E) एवं GSR 220(E) की वापसी तथा बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा प्रीडेटरी प्राइसिंग पर रोक शामिल है।

पदाधिकारियों ने कहा कि अवैध ई-फार्मेसियों के बढ़ते संचालन से बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री, एंटीबायोटिक्स एवं आदत बनाने वाली दवाओं की आसान उपलब्धता, नकली पर्चों का इस्तेमाल तथा नकली दवाओं के प्रसार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई कि राज्य एवं केंद्र सरकार स्तर पर हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिसूचनाओं को वापस लेने, निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था लागू कराने तथा जनस्वास्थ्य एवं केमिस्ट्स की आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस दौरान राहुल पटेल, चंद्रशेखर पाण्डेय, बिन्दु सोनी, राजेश कुमार, सुग्रीव सिंह, वेदप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।