@जे0 के0……..

Sonbhadra । म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को आई एक बारात उस समय विवाद का कारण बन गई, जब जयमाल की रस्म के दौरान दूल्हा नशे की हालत में मंच पर ही मुंह के बल गिर पड़ा। दूल्हे की इस हरकत से नाराज दुल्हन ने तुरंत शादी से इंकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि बारात मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के एक गांव से आई थी।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि दूल्हा थकान या नींद के कारण लड़खड़ा रहा है, लेकिन कुछ ही देर में साफ हो गया कि वह शराब के नशे में है। जयमाल के दौरान दूल्हा बार-बार गिरने लगा और उल्टी-सीधी बातें करने लगा, जिससे समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना से आक्रोशित दुल्हन ने मौके पर ही शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद घरातियों और बारातियों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। दुल्हन पक्ष ने दहेज में दिए गए नगद और सामान की वापसी की मांग की, जिस पर दूल्हा पक्ष पहले टालमटोल करता रहा।
मंगलवार सुबह मामला थाने पहुंचा।
जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। अंततः दूल्हा पक्ष ने दहेज में दिए गए तीन लाख रुपये 40 दिनों के भीतर लौटाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों ने दुल्हन के फैसले को साहसिक बताते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में समाज को स्पष्ट संदेश मिलना चाहिए।
