@जे0 के0…..

Sonbhadra । वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर लोढ़ी स्थित टाटा मोटर्स एजेंसी के पास देर रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की चार पहिया गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान दिलीप पासवान, नीतीश यादव और जितेंद्र साहनी के रूप में हुई है। बताया गया कि वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी पलटने से मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक छोटेलाल साहनी को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने तीनों मृतकों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सभी लोग खलियारी बैनी रायपुर से कन्हौरा जा रहे थे और बारात से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही।
हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य हो गई। यह घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी चौकी अंतर्गत हुई है।