@जेo केo/सोनभद्र……

Sonbhadra । किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पूरी तरह बंद करने की मांग करते हुए इसे “ऐजुकेटेड जेबकतरों की स्कीम” करार दिया।
मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा गांवों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता, गरीब किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सीधे तौर पर लोगों की जेब पर डाका डालने जैसा है, इसलिए इसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की जांच कराने, संबंधित जेई, एसडीओ तथा अधिशासी अभियंता के कार्यों की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद केंद्रों पर सुचारू व्यवस्था नहीं है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी केंद्रों पर तत्काल गेहूं खरीद सुनिश्चित कराने की मांग की।
मोर्चा द्वारा यह मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम संबोधित करते हुए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विन्दू प्रसाद खरवार, मुखलाल चेरो, नगेन्द्र धागर, प्रमोद तिरकी, आकाश चौहान, सत्रुधन बिन्द, विवेक जाटव, धीरज कनौजिया, विक्की पटेल, धीरेन्द्र मौर्य, सर्वेष तिवारी, अनिश पासवान, राहुल विश्वकर्मा, सजय बियार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।