संवाददाता@विशाल टंडन….

अक्षय तृतीया के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए रॉबर्ट्सगंज स्थित दंडईत बाबा मंदिर में हो रहे एक बाल विवाह को रुकवा दिया और नाबालिग बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
सूचना मिलते ही टीम सदस्य अमन सोनकर, सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया एवं धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बालिका के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह नाबालिग पाई गई। बालिका थाना करमा तथा बालक थाना पन्नूगंज का निवासी है।बालिका को संरक्षण में लेने के दौरान परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची महिला थाना प्रभारी सविता सरोज ने सूझबूझ से हालात को नियंत्रित करते हुए बालिका को सुरक्षित बाहर निकाला। चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत 1098 पर दें, क्योंकि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है।