चोपन/सोनभद्र.@कृपा शंकर पांडेय…….

डाक विभाग के अंतर्गत संचालित Postal Life Insurance (PLI) ने ‘महा लॉगिन डे’ के उपलक्ष्य में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मात्र एक दिन में ₹21,89,253/- का नया प्रीमियम अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
यह सफलता मिर्जापुर डाक मंडल के अधीक्षक डाकघर अतुल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन तथा डाक निरीक्षक ज्ञानेश कुमार, डाक अधिदर्शक अशोक कुमार व बबूलेंद्र नाथ पनिका अनपरा उपमंडल, जनपद सोनभद्र के कुशल नेतृत्व में संभव हो सकी। उनके निर्देशन में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए अधिक से अधिक ग्राहकों को जोड़ा और डिजिटल माध्यम से लॉगिन सुनिश्चित कराया।
अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्राहकों को ऑनलाइन लॉगिन कर बीमा योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। कर्मचारियों द्वारा घर-घर संपर्क एवं विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप मिर्जापुर डाक मंडल ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विभाग का नाम गौरवान्वित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयास जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
डाक जीवन बीमा अपनी विश्वसनीयता, कम प्रीमियम एवं उच्च सुरक्षा के कारण आमजन के बीच लगातार लोकप्रिय हो रहा है।