चोपन/सोनभद्र.@कृपा शंकर पांडेय……

आदिवासी क्षेत्र में स्थित रेणुका नदी पार ग्राम पंचायत गोठानी में न्याय पंचायत सिन्दूरीया द्वारा कम्पोजिट विद्यालय गोठानी में वार्षिकोत्सव समारोह एवं शिक्षा चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी एवं मंडल अध्यक्ष चोपन संजय केशरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीष श्रीवास्तव ने किया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने भक्ति गीत, देशभक्ति गीत तथा ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ जैसे विषयों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

आदिवासी क्षेत्र के इस विद्यालय में बच्चों की प्रतिभा और कला ने यह साबित किया कि शिक्षा के क्षेत्र में अब यहां के छात्र-छात्राएं किसी से कम नहीं हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा के छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्तीर्ण होने की जानकारी भी दी गई। इस उपलब्धि पर उसे इंटरमीडिएट शिक्षा के लिए सरकार द्वारा प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गोठानी धरमू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
