अनपरा/सोनभद्र.@उमेश सिंह……

थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्कूटी चोरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अज्ञात चोरों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए खड़ी हाइवा ट्रक से करीब 400 लीटर डीजल पार कर दिया। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार,अनपरा बाजार निवासी रमेशचंद्र अग्रवाल पुत्र स्व. साधूराम अग्रवाल) ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बिछड़ी धर्म कांटा के पास खड़ी तीन 12-चक्का हाइवा ट्रकों से अज्ञात चोरों ने करीब 400 लीटर डीजल चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार,घटना रात के समय की बताई जा रही है। सुबह जब चालक मौके पर पहुंचे तो टंकी से डीजल गायब मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।