अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…..
— सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

अनपरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब 10वीं की परीक्षा देने गई एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।परीक्षा समाप्त होने के कई घंटे बाद भी जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने खोजबीन शुरू की।
परिजनों के अनुसार छात्रा सुबह घर से 10वीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए विद्यालय गई थी।
दोपहर में परीक्षा समाप्त होनी थी,लेकिन निर्धारित समय के काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटी।पहले परिजनों ने आसपास व रिश्तेदारों के यहां तलाश की,लेकिन कहीं पता नहीं चला।इसके बाद परिजन विद्यालय पहुंचे,जहां जानकारी मिली कि परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी छात्र-छात्राएं अपने-अपने घर जा चुके हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल थाना अनपरा में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और छात्रा की तलाश शुरू कर दी गई।आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है तथा विद्यालय और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है,ताकि छात्रा की अंतिम लोकेशन का पता चल सके।
प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। साथ ही छात्रा के दोस्तों व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजन रो-रोकर बुरा हाल है और जल्द से जल्द छात्रा के सकुशल मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को छात्रा के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना अनपरा या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।