घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी….

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के लीलवाही ग्राम पंचायत में अनियंत्रित बाइक से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक अपने किसी परिजन के लिए दवा लेकर घर वापस लौट रहा था।शुक्रवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
लीलवाही ग्राम पंचायत के गौरवा टोला निवासी शिवकुमार गोंड (35) पुत्र रामप्यारे गोंड अपने घर के किसी सदस्य के लिए दवा लेने बाइक से पास के कोहरथा गांव गया था। देर रात दवा लेकर घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक हनुमान भीटा के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात भर वह वहीं पड़ा रहा।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में देखा। ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी उसकी हालत नाजुक होने के कारण बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के 2 पुत्र और 2 पुत्रियां हैं। वह मजदूरी कर जीवन यापन करता था।घटना की जानकारी होने पर शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव ने पंचनामा भर कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।इस संबंध में एसआई रामज्ञान यादव ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।