घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी…….

घोरावल ब्लॉक के नोनी गांव में शिव – हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा शुक्रवार को विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया। शांतिकुंज हरिद्वार से आईं गायत्री परिवार की कंचन चौबे के नेतृत्व में यज्ञ में पूर्णाहुति दी गई और कलश विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। इस अवसर पर 5100 दीपकों से मंदिर और तालाब को सजाया गया।
इस आयोजन में 200 बच्चों व श्रद्धालुओं को गुरुमंत्र, दीक्षा, नामकरण आदि संस्कार किए गए।देर शाम तक चले भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शांतिकुंज से आए गायत्री परिवार के अतिथियों को देर शाम आयोजकों व श्रद्धालुओं ने भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर कंचन चौबे ने कहा कि आज संपूर्ण विश्व गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में प्रकृति की सुरक्षा और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर समाज हित में कार्य करना अनिवार्य है।व्यक्ति को सदैव धर्म और सत्य के मार्ग पर दृढ़तापूर्वक चलना चाहिए, क्योंकि अंततः धर्म की विजय होती है और अधर्म पराजित होता है।भगवान सदैव धर्म के पक्ष में होते हैं।
उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि वे सभी नशाखोरी, दहेज प्रथा, ऊंच नीच जैसी कुरीतियों से दूर रहें और अपने बेटे बेटियों को अच्छी शिक्षा व संस्कार देकर उन्हें मानवता की राह पर चलने के लिए प्रेरित करें।
इस मौके पर राधारमण सिंह, मुनिजी उपाध्याय,ओंकारनाथ सिंह, पारसनाथ, परमेश्वर, काशीनाथ, मंगल सिंह, रामआसरे, मनोज कुमार, रामेश्वर, जगदीश, लोकनाथ, कृष्णकुमार, हरिशंकर, रामसूरत, जालिम सिंह इत्यादि मौजूद रहे।