विंढमगंज/सोनभद्र. @आनंद गुप्ता…..

क्षेत्र में इन दिनों बिजली उपभोक्ताओं के मोबाइल पर प्रतिदिन बढ़ते बिल और नकारात्मक बैलेंस के संदेश आने से हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजाना बिल बढ़ाकर भेजे जा रहे संदेशों से वे मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
कई उपभोक्ताओं के अनुसार, कनेक्शन पर बैलेंस समाप्त और विच्छेदन से बचने के लिए तत्काल रिचार्ज करें जैसे मैसेज लगातार आ रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई लोग इसे वास्तविक बकाया मानकर घबरा रहे हैं।
जानकारों के मुताबिक, प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली में दैनिक उपभोग के अनुसार बैलेंस घटता है और उसी आधार पर संदेश भेजे जाते हैं। वहीं, यदि किसी उपभोक्ता का पूर्व बकाया जुड़ा हो तो राशि अधिक दिखाई दे सकती है।
बिजली व्यवस्था का संचालन कर रही उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) से उपभोक्ताओं ने स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभाग को चाहिए कि वह अधिकृत माध्यम से सही सूचना दे, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन से भी मांग की है कि यदि बिल में त्रुटि हो तो उसका त्वरित समाधान किया जाए तथा फर्जी लिंक या संदिग्ध मैसेज के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए।