अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…..
— परिजन मुआवजा की मांग पर 8 घंटे से अड़े

अनपरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब रात्री पाली में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत औड़ी-सिंगरौली मुख्य मार्ग पर स्थित भारत बेंज (ममता मोटर्स) परिसर में एक सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से तैनात सुरक्षा कर्मी 52 वर्षीय बावन सूभा भारती पुत्र स्व. रामलोचन, निवासी डिबुलगंज का शव चालक रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
मौके पर मौजूद दूसरे सुरक्षा कर्मी ने बताया कि बावन सुभा ने स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर आराम करने के लिए चालक रूम में चला गया था। सुबह करीब 7:0 बजे जब वह नहीं उठा तो उसे जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद तत्काल कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया।परिजनों का आरोप है कि मृतक से जबरन 12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही थी,जिससे वह लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान रहता था।कार्यदायी संस्था द्वारा उसका ईपीएफ, इएसआईसी भी कटौती नहीं कि जाती थी।परिजनों ने इस मौत के लिए कार्यदायी संस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई व मुआवजे की मांग की।परिजनों के आक्रोश को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि करीब आठ घंटे बीत जाने के बाद भी परिजन शव उठाने को तैयार नहीं हुए। पुलिस लगातार परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है,लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने में जुटी हुई है।वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने बात कह रही हैं।खबर लिखे जाने तक शव घटना स्थल पर पड़ा हुआ था।