अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह….
— चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अनपरा थाना क्षेत्र में घर के अंदर एलटी तार जोड़ने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया,वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोझरा निवासी 30 वर्षीय राजकुमार पुत्र शिवधारी खरवार अपने घर में बिजली का तार जोड़ने का कार्य कर रहा था।
इसी दौरान अचानक तार में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।करंट का झटका इतना तेज था कि राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंची अनपरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं।अचानक हुई इस घटना से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।