ओबरा/सोनभद्र. @सौरभ गोस्वामी……

पीजी कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एन सी सी की इकाइयों द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।वही प्राचार्य डॉ प्रमोद कुमार और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आलोक यादव,डॉ. सचिन कुमार एवं डॉ उपेन्द्र कुमार द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस दौरान आयोजित संगोष्ठी में प्राचार्य श्री कुमार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत थे, उन्होंने पूरे विश्व को न सिर्फ हिंदू धर्म की अच्छाइयों से अवगत कराया, बल्कि पूरे विश्व में भारत के ज्ञान एवं विश्व विद्युत बंधुत्व की भावना का डंका बजाकर भारत एवं भारतीयों की श्रेष्ठता को स्थापित किया। उन्होंने ईसाई मिशनरियों द्वारा हिंदू धर्म के विरुद्ध किए जा रहे दुष्प्रचार को न सिर्फ रोका, बल्कि युवाओं के अंदर धार्मिक एवं जातिगत भेदभाव को समाप्त कर उनके अंदर राष्ट्रीयता की भावना का व्यापक रूप से प्रचार प्रसार किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने बताया कि स्वामी जी ने अपना सारा जीवन देश के कल्याण के लिए लगा दिया।एनएसएस और एनसीसी प्रभारी डॉ सचिन कुमार ने बताया कि युवाओं को स्वामी जी के जीवन से प्रेरणा ग्रहण करते हुए अपना तन, मन, धन सब कुछ देश के लिए न्योछावर कर देना चाहिए।
इस अवसर पर आयोजित सदभावना दौड़ प्रतियोगिता में प्रियांशु प्रथम,आमिर अली द्वितीय और हरि चरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गर्ल्स दौड़ में ज्योति प्रथम, रंगीली द्वितीय और अंकिता तृतीय स्थान पर रही।उक्त अवसर पर डॉ.संतोष कुमार सैनी, डॉ उपेन्द्र कुमार, डॉ संघमित्रा, डॉ अंजलि सहित भारी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के कैडेट्स मौजूद रहे।