रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में खाड़पाथर जाने वाले मुख्य मार्ग को बीते लगभग एक माह से बंद किए जाने के कारण नगरवासियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गेट निर्माण के नाम पर इस महत्वपूर्ण मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे लोगों की दैनिक आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग खाड़पाथर क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसके बंद होने से ग्रामीणों और नगरवासियों को मजबूरन वैकल्पिक मार्गों से होकर जाना पड़ रहा है, जो न तो सुरक्षित हैं और न ही सुगम। इन खराब रास्तों पर आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
नगरवासियों का आरोप है कि गेट निर्माण कार्य के लिए सामान्यतः 15 से 20 दिन का समय पर्याप्त होता है, लेकिन इसके बावजूद लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी मार्ग को नहीं खोला गया है। निर्माण कार्य की धीमी गति और प्रशासनिक लापरवाही के चलते आम जनता को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि गेट निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर मार्ग को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोल दिया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।