म्योरपुर/सोनभद्र. @संदीप अग्रहरी…….

म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में सोमवार दोपहर घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी सोनू पुत्र रामखेलावन का अपने बड़े भाई मोतीलाल से काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। सोमवार को भी दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई सोनू ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और वापस लौट गई।
परिजनों का आरोप है कि उस समय मोतीलाल शराब के नशे में था, लेकिन पुलिस उसे अपने साथ नहीं ले गई। पुलिस का कहना था कि नशे की हालत में उसे थाने ले जाना संभव नहीं था। बताया जाता है कि पुलिस के जाने के करीब आधे घंटे बाद मोतीलाल और उग्र हो गया। गुस्से में आकर उसने चाकू उठाया और छोटे भाई सोनू पर हमला कर दिया। हमले में सोनू के दाहिने हाथ की हथेली पर गहरा घाव हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और घायल सोनू को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस ने आरोपी मोतीलाल को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।