बीजपुर/सोनभद्र. @रामबली मिश्रा…..

रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। घने कोहरे की वजह से एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस सवार यात्री बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह एक निजी यात्री बस बीजपुर से सवारी लेकर रेणुकूट की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही बस जरहा गांव के पोथी पाथर के पास पहुंची, घना कोहरा होने के कारण चालक को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाया जिससे बस अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से टकरा गई।
भीषण टक्कर होते ही बस के भीतर बैठे सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस की गति बहुत धीमी थी, जिसके कारण बस में बैठी सवारियां सुरक्षित रहीं। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
बस का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त ।स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दी के मौसम में इस मार्ग पर सुबह के वक्त घने कोहरा होने के कारण आगे कुछ दिखता नहीं जिससे शून्य के बराबर हो जाती है। पोथी पाथर के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग की चुनौती को उजागर कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने में सहायता की।