अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह….

डीएवी पब्लिक स्कूल की नई शाखा औरी अनपरा में नए शैक्षणिक सत्र की शुभारंभिक बेला पर वैदिक परंपरा के अनुसार उद्घाटन हवन का आयोजन किया गया।वेद मंत्रों की स्वरलहरियों और पवित्र अग्नि में आहुति के साथ विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य, विद्यार्थियों की प्रगति तथा समृद्धि की कामना की गई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों व शुभचिंतकों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय में नए सत्र हेतु प्रवेश प्रक्रिया भी विधिवत प्रारम्भ कर दी गई।नर्सरी से यूकेजी तक की कक्षाओं में सीमित सीटों के आधार पर प्रवेश लिए जाएंगे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, अनुभवी शिक्षकों और सर्वांगीण विकास वाली गतिविधियों के साथ नई शाखा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को विद्यालय की सुविधाओं, शिक्षण पद्धति, गतिविधियों तथा परामर्श संबंधी व्यवस्थाओं का भी विस्तार से परिचय कराया गया।इस आयोजन में डीएवी पब्लिक स्कूल उपजोन–डी की ए.आर.ओ. श्रीमती संध्या पांडेय, डीएवी बिना के प्रिंसिपल श्री अशोक शर्मा, डीएवी परासी की प्रिंसिपल श्रीमती रचना दुबे, तथा विद्यालय के मैनेजर श्री आशुतोष मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से आशा व्यक्त की कि अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु संस्थान पर विश्वास जताते हुए इसकी प्रगति में सहभागी बनेंगे।
विद्यालय की प्रभारी श्रीमती सुनीता मिश्रा ने अभिभावकों को विद्यालय की सुविधाओं का लाभ लेने और नए सत्र में प्रवेश हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सभी के सहयोग और संस्थान की निरंतर उन्नति की कामना के साथ हुआ।