ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के हाईडील मैदान के पास बुधवार सुबह स्ट्रीट लाइट के एक खंभे में करंट उतर जाने से उससे सटकर खड़ी एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग व नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। जानकारी के अनुसार हाईडील मैदान स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के बगल में एक क्लीनिक के सामने नगर पालिका द्वारा स्ट्रीट लाइट का पोल लगाया गया है। इसी के समीप से बिजली का तार गुजरता है।
बुधवार तड़के तेज हवा के कारण बिजली का तार स्ट्रीट लाइट के खंभे से सट गया, जिससे पूरे खंभे में करंट प्रवाहित होने लगा। उसी समय खंभे के सहारे खड़ी एक गाय करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को जानकारी दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पोल पर इंसुलेटर लगाकर समस्या का समाधान किया।

बताया गया कि इंसुलेटर न होने के कारण ही करंट स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरा था। स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह चंदेल ने कहा कि बिजली विभाग और नगर पालिका के बीच समन्वय की कमी के कारण यह हादसा हुआ। यदि पहले ही सुरक्षा मानकों के तहत इंसुलेटर लगाया गया होता तो एक बेजुबान पशु की जान बच सकती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिजली के तार टूटने या खंभों से सटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में विभागों को पहले से निरीक्षण और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए। हादसे के बाद सक्रिय होने के बजाय समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था।

मौके पर सभासद विनोद सोनी, नंदकिशोर सिंह, विनय वनीत सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने शहर के स्ट्रीट लाइट पोलों और लटकती बिजली लाइनों की तत्काल जांच कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






