ओबरा/सोनभद्र. @सौरभ गोस्वामी….

स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुका पार के परसोई टोला स्थित गाड़ापाथर के रहने वाले रामनरेश खरवार पुत्र स्व. राम आधार द्वारा मंगलवार की शाम थाने में एक तहरीर दी गयी। इस दौरान उन्होंने तहरीर से अवगत कराया कि उनके बड़े भाई 40 वर्षीय रामलाल खरवार बीते 23 अक्टूबर की शाम 5 बजे जंगल में अपने मवेशियों को खोजने गए थे,तब से वापस घर नहीं आए।
वहीं उन्होंने अवगत कराया की मंगलवार 28 अक्टूबर को उनका शव नदहरी गांव के जंगल में मिला है। शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया द्वारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर देखा गया कि ग्राम नदहरी के जंगल में एक नर कंकाल पड़ा है।
उक्त कंकाल को परिजनों द्वारा बताया गया कि वह रामलाल खरवार का ही है। परिजनों द्वारा कंकाल के ऊपर पड़े कपड़ों को देखकर मृतक की पहचान की गयी। प्रभारी निरीक्षक श्री चौरसिया द्वारा क्षेत्राधिकारी ओबरा हर्ष पांडे को मामले से अवगत कराते हुए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाए जाने के साथ नर कंकाल को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गयी है।