ओबरा/सोनभद्र. @सौरभ गोस्वामी….

चतुर्थ श्याम महोत्सव कार्यक्रम के अध्यक्ष युवा समाजसेवी सौरभ अग्रवाल की अध्यक्षता में आज मंगलवार को ओबरा नगर में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निशान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बैरियर स्थित जय नारायण इंटरप्राइजेज से प्रारंभ होकर सुदामा पाठक हनुमान मंदिर चौराहा से होते हुए राम मंदिर प्रांगण तक पहुँची।
यात्रा के प्रारंभ स्थल पर जय नारायण एंड सन्स के प्रोपराइटर आनंद अग्रवाल और गोविंद अग्रहरि द्वारा जलपान वितरण कराया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए, जिन्होंने केसरिया, नीले और गुलाबी निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारों से नगर को भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। इस यात्रा का धार्मिक महत्व खाटूधाम परंपरा से जुड़ा है।

मान्यता है कि यह यात्रा बाबा श्याम को अर्पण, आस्था और समर्पण का प्रतीक है। खाटू जाने वाले सभी श्याम प्रेमी इस यात्रा को अपनी आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ मानते हैं। यात्रा में वाराणसी से आमंत्रित डमरू दल – श्री काशी विश्वनाथ महाश्मशान नाथ की टीम भी सम्मिलित रही। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत की व्यवस्था की गई तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरे मार्ग पर मुस्तैदी से मौजूद रहा।
श्याम महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह निशान यात्रा आगामी श्याम जन्मोत्सव के शुभारंभ का प्रतीक है, जो नगर में भक्तों की एकता और भक्ति भावना को सशक्त बनाती है। श्रद्धालुओं में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएँ और समाजसेवी बड़ी संख्या में सम्मिलित रहे।
उपस्थित प्रमुख जनों में आनंद अग्रवाल, टोनी सिंगल, विकास बंसल, दिवाकर अग्रवाल, सोनू बंसल, सोनू जिंदल, सौरभ अग्रवाल, सुखनंदन चौरसिया, राकेश गोयल, प्रतीक अग्रवाल, केशव बेचल, वीरू अग्रवाल, सविता अग्रवाल, स्वीटी बंसल, रागिनी अग्रवाल, निशा अग्रवाल एवं गोविंद अग्रहरि अभिषेक अग्रहरी के साथ सैकड़ो भक्तजन शामिल रहे।
