घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी….

नगर पंचायत घोरावल में मंगलवार को एसडीएम आशीष त्रिपाठी और यूनिसेफ प्रतिनिधि द्वारा मांधाता सिंह द्वारा फागिंग और एंटी लार्वा छिड़काव का निरीक्षण किया गया। डाला छठ पर्व और दीपावली के पूर्व फागिंग व एंटी लार्वा छिड़काव न होने और स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर एसडीएम ने जिला मुख्यालय पर रिपोर्ट भेजने की बात कही।
एसडीएम आशीष त्रिपाठी ने बताया कि उपलब्ध कराए गए रोस्टर के अनुसार वार्ड संख्या 3 एवं वार्ड संख्या 7 का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वार्ड में रहने वाले लोगों से पूछा गया कि यहां एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव, फागिंग आदि का कार्य दीपावली एवं छठ से पूर्व किया गया है अथवा नहीं। रहवासियों द्वारा बताया गया कि इस प्रकार का एंटी लार्वा स्प्रे छिड़काव एवं फॉगिंग का कार्य नहीं किया गया है। वार्ड संख्या 3 एवं 7 में विभिन्न स्थानों पर एकत्रित कूड़ा पाया गया। कूड़े का उठान प्रतिदिन नहीं किया जा रहा है।
तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की नोडल अधिकारी उप जिलाधिकारी घोरावल होते हैं। छठ पर्व एवं दीपावली से पूर्व अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत घोरावल को पत्र लिखकर शासनादेश के क्रम में निर्देशित किया गया था कि फागिंग एवं स्प्रे का छिड़काव त्योहार से पूर्व करना सुनिश्चित करें।
मासिक टास्क फोर्स की होने वाली बैठक में लगातार निर्देशित किया जाता है कि उपरोक्त छिड़काव किया जाए, जिससे संचारी रोग के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके। निरीक्षण में स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई इसके लिए प्रथक से रिपोर्ट जिला मुख्यालय को प्रेषित की जाएगी।